चेन्नई, 15 जुलाई।
तमिलनाडु सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अब व्हाट्सऐप सेवा की शुरुआत की है। प्रदेश के किसी भी सरकारी दफ्तर में यदि कोई कर्मचारी या अधिकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो आम नागरिक सीधे 9498180936 नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
मुख्य सचिव एम. साई कुमार ने इस संबंध में सभी जिला कलेक्टरों और विभागाध्यक्षों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। सरकारी कार्यालयों में अब यह अनिवार्य कर दिया गया है कि वे प्रमुख स्थानों पर जागरूकता बोर्ड लगाएं, जिन पर साफ लिखा हो कि रिश्वत लेना और देना दोनों ही कानूनन अपराध है।
सरकार ने यह सुनिश्चित करने को कहा है कि भ्रष्टाचार विरोधी इन निर्देशों का केवल कागजों पर ही नहीं, बल्कि धरातल पर भी पालन हो। अधिकारियों को इन आदेशों के अनुपालन की रिपोर्ट भी सरकार को सौंपनी होगी। सभी सरकारी वेबसाइटों पर भी यह हेल्पलाइन नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
व्हाट्सऐप के अलावा, नागरिक अपनी शिकायतें ई-मेल पते dvac@nic.in पर भी भेज सकते हैं। इसके अलावा 044-22321090, 044-22321085, 044-22310989 और 044-22342142 हेल्पलाइन नंबरों पर फोन करके या डीवीएसी कार्यालय में डाक के जरिए भी अपनी बात रखी जा सकती है।
प्रशासनिक पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए निगरानी समितियों और निरीक्षण प्रकोष्ठों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय-समय पर दफ्तरों का औचक निरीक्षण करें। इस पहल का उद्देश्य आम लोगों को एक पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था मुहैया कराना है।















