इंफाल, 15 जुलाई।
मणिपुर के सेनापति जिले में हालात उस वक्त तनावपूर्ण हो गए जब एक हिंसक भीड़ ने असम राइफल्स के बेस को निशाना बनाया। ओकलोंग गांव में सुरक्षा बलों और एक स्थानीय समूह के बीच कथित टकराव की सोशल मीडिया पर फैली खबरों के बाद यह बवाल शुरू हुआ।
प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में सेनापति के ट्रैफिक प्वाइंट पर जमा हो गए और सुरक्षा बलों के वापस जाने की मांग को लेकर बेस की ओर बढ़ गए। इस दौरान भीड़ ने आपा खो दिया और जमकर तोड़फोड़ व आगजनी की।
प्रदर्शनकारियों ने एक कार और पास में बने प्रतीक्षा केंद्र को फूंक दिया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब सुरक्षा बल वहां से हट रहे थे। इस दौरान भीड़ ने वाहनों पर हमला करते हुए असम राइफल्स के एक ट्रक को पलट दिया और दो जिप्सियों को आग के हवाले कर दिया।
हालात को काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। फिलहाल, किसी के हताहत होने या नुकसान के सटीक आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है, लेकिन इलाके में तनाव बरकरार है।















