मैक्सिको सिटी, 18 जुलाई।
मैक्सिको के दक्षिणी तट के पास शुक्रवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.4 मापी गई है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी।
मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि अभी तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।
राष्ट्रपति ने लोगों से समुद्र के तटों की ओर न जाने की अपील की है क्योंकि सुनामी का खतरा बना हुआ है। उन्होंने नागरिकों से सिविल प्रोटेक्शन विभाग द्वारा दी गई सुरक्षा सलाहों का कड़ाई से पालन करने को कहा है।
सरकार की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण किया जा रहा है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। जनता से संयम बरतने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।











