चोंगकिंग, 18 जुलाई।
चीन के दक्षिण-पश्चिमी शहर चोंगकिंग में शुक्रवार को हुए एक भीषण भूस्खलन ने भारी तबाही मचा दी है। इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 34 लोग अभी भी लापता हैं।
भूस्खलन पेंगशुई काउंटी के पहाड़ी इलाके में हुआ, जहाँ भारी चट्टानों और मिट्टी का मलबा गिरने से 10 से अधिक आवासीय मकान पूरी तरह दब गए। बताया जा रहा है कि वूजियांग नदी के पास हुई मूसलाधार बारिश इस आपदा का मुख्य कारण बनी।
राहत और बचाव कार्य के लिए 800 से अधिक कर्मियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया है। रेस्क्यू टीमों ने मलबे के नीचे से 10 लोगों को बाहर निकाला है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
पहाड़ी और ढलान वाले इस क्षेत्र में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी तेजी से चलाया जा रहा है। लापता लोगों की तलाश के लिए मलबा हटाने का काम निरंतर जारी है।










