Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

अपराध
22 Jul, 2026

नरसिंहपुर के जैन मंदिर से 18 पीतल की प्रतिमाएं चोरी

नरसिंहपुर के प्राचीन जैन मंदिर से 18 पीतल की प्रतिमाएं चोरी होने के बाद पुलिस ने डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू की।

नरसिंहपुर, 22 जुलाई।

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के करेली थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सगोरिया के प्राचीन श्री पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर में अज्ञात बदमाशों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मंदिर से भगवान की 18 पीतल की प्रतिमाएं चोरी कर ले गए। घटना के बाद जैन समाज में रोष व्याप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात बदमाश मंदिर में घुसे और 14 छोटी तथा चार बड़ी पीतल की प्रतिमाएं अपने साथ ले गए। चोरी हुई प्रतिमाओं में भगवान पार्श्वनाथ, भगवान शांतिनाथ, भगवान पद्मप्रभु और भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमाएं शामिल हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी मनोज गुप्ता और करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिग्वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस मंदिर परिसर, आसपास के रास्तों और संभावित भागने के मार्गों की जांच कर रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

घटना के बाद जैन समाज के लोगों ने गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस से मामले का शीघ्र खुलासा करने और चोरी गई प्रतिमाओं की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है। समाज का कहना है कि धार्मिक स्थल पर हुई इस घटना से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।

पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

|
आज का राशिफल

स्त्री-संतान पक्ष का सहयोग मिलेगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। यात्रा का दूरगामी परिणाम मिल जाएगा। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। सुविधा और समन्वय बना रहने से कामकाज में प्रगति बनेगी। सफलता मिलेगी। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

24° / 26°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़