पटना, 22 जुलाई।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस पर भाजपा के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान सुनियोजित हमला कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर पथराव और हिंसा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से कांग्रेस कार्यालय के बाहर लोकतांत्रिक विरोध दर्ज कराने पहुंचे थे। उनके अनुसार कार्यकर्ताओं के हाथों में केवल पार्टी के झंडे थे, लेकिन कांग्रेस कार्यालय के भीतर पहले से पत्थर, लाठियां और अराजक तत्व मौजूद थे, जिन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया।
उन्होंने दावा किया कि इस घटना में कई विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता घायल हुए तथा अनेक वाहनों में तोड़फोड़ की गई। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भागलपुर के विधायक रोहित पांडेय, विधायक विनय बिहारी, भाजपा नेता अनिल कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रभारी नीरज कुमार, घनश्याम ठाकुर सहित कई नेताओं के वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। वहीं युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता घायल हुए।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान कई मीडिया संस्थानों के पत्रकार भी घायल हुए। उन्होंने इसे इस बात का प्रमाण बताया कि हमला पूर्व नियोजित था।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने हिंसा में शामिल बताए जा रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की पहचान कर उनके नाम पुलिस प्रशासन को सौंप दिए हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शाहनवाज हुसैन ने आरोप लगाया कि आइसा के बैनर तले भाजपा प्रदेश कार्यालय पर भी हमला करने का प्रयास किया गया। उनके अनुसार छात्रों की आड़ में कुछ लोगों ने पार्टी कार्यालय में घुसने और तोड़फोड़ की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन सभी का अधिकार है, लेकिन हिंसा, पथराव और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। साथ ही उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने नीट परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया है तथा पेपर लीक पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया है। उनका आरोप था कि कुछ राजनीतिक दल छात्रों को गुमराह कर बिहार का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार की जनता कांग्रेस और वामपंथी दलों की हिंसक राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।











