अनूपपुर, 22 जुलाई।
अनूपपुर जिले की दैखल ग्राम पंचायत के बंधवाटोला स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में लगातार बारिश के कारण जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। विद्यालय परिसर में पानी भर जाने से विद्यार्थियों को गंदे पानी के बीच से होकर कक्षाओं तक पहुंचना पड़ रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बताया गया है कि विद्यालय परिसर में समुचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। इसके चलते स्कूल परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया है और बच्चों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार यह समस्या हर वर्ष बारिश के मौसम में सामने आती है। अभिभावकों ने आशंका जताई है कि जलभराव के कारण बच्चों के फिसलने, संक्रामक बीमारियों के फैलने, मच्छरों के पनपने और जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने का खतरा बना रहता है।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश केवट ने बताया कि यह समस्या पिछले चार वर्षों से बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शिक्षा विभाग, जनपद पंचायत और जिला पंचायत को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं। उनके अनुसार आसपास के खेतों का पानी विद्यालय की ओर आने से तेज बारिश के दौरान पानी कक्षाओं तक पहुंच जाता है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से नाली निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने प्रशासन से विद्यालय परिसर में जल निकासी की व्यवस्था कराने और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है।










