कानपुर, 22 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में वर्ष 2016 के हत्या के मामले में पिछले 10 वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी हत्यारोपित को बिधनू थाना पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि वर्ष 2016 में बिठूर थाना क्षेत्र के एक खेत में 22 वर्षीय युवक का शव मिला था। जांच में सामने आया था कि उसकी किसी भारी वस्तु से हमला कर हत्या की गई थी। मृतक के परिजनों की शिकायत पर इटकरा गांव निवासी अमर सिंह के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।
पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी और गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुखबिर से मिली सूचना पर बिधनू थाना पुलिस ने घेराबंदी कर शंभुआ रेलवे पुल के नीचे फाटक के पास से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार अमर सिंह के खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित करीब 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।










