बलरामपुर, 22 जुलाई।
बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बुढाबगीचा में खेत की जुताई को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी और डंडा भी बरामद कर लिया है। बुधवार को तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी प्रवीण रावत ने शिकायत दर्ज कराई कि वह सुबह ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान कमलपति सार्थी ने जुताई करने से मना किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद सुखसागर उर्फ कमाडो सार्थी, कुरलू उर्फ रमेश सार्थी और कमलपति सार्थी टांगी और डंडा लेकर पहुंचे तथा प्रवीण रावत के परिवार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। हमले में उनके पिता देवराज के सिर पर टांगी लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले में राजपुर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद साक्ष्यों और आरोपितों के बयान के आधार पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।










