सागर, 22 जुलाई।
सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सोमला में आपसी विवाद के दौरान एक महिला ने अपनी पड़ोसन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में 21 वर्षीय सोना कुर्मी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर में गंभीर चोट आने पर उसे उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली महिला अक्सर उसके दिव्यांग पिता को लेकर तंज कसती थी। घटना के दिन जब सोना ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान महिला ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया।
घटना के बाद परिजन घायल युवती को लेकर शिकायत दर्ज कराने मोतीनगर थाने पहुंचे। पीड़िता की मां का आरोप है कि उस समय थाने में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था और घायल युवती को काफी देर तक मदद का इंतजार करना पड़ा। बाद में पुलिस कर्मियों के पहुंचने पर मामले में कार्रवाई शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि थाने में पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति संबंधी लगाए गए आरोपों की भी जांच कराई जा रही है।










