जगदलपुर, 22 जुलाई।
केंद्रीय जेल जगदलपुर की दीवार फांदकर फरार हुए दंडित बंदी महेंद्र दीवान को कोतवाली पुलिस ने करीब तीन महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को नारायणपुर में उसके ठिकाने से घेराबंदी कर दबोचा। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे दोबारा न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, महेंद्र दीवान 25 मार्च 2026 को केंद्रीय जेल जगदलपुर की दीवार फांदकर फरार हो गया था। घटना के बाद कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर उसकी तलाश शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नारायणपुर में छिपा हुआ है। इसके आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, महेंद्र दीवान के खिलाफ बस्तर, कांकेर और दंतेवाड़ा जिलों में चोरी समेत कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह दंतेवाड़ा न्यायालय से सजा पाने के बाद अन्य लंबित मामलों के चलते केंद्रीय जेल जगदलपुर में बंद था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जगदलपुर लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और बुधवार को उसे पुनः न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल कर दिया गया। कार्रवाई में साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










