इंदौर, 22 जुलाई।
रोजगार दिलाने के नाम पर विद्यार्थियों से धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को इंदौर कमिश्नरेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नौकरी दिलाने का झांसा देकर विद्यार्थियों की 10वीं और 12वीं की मूल अंकसूचियां अपने पास रख लेता था और उन्हें वापस करने के बदले प्रति अंकसूची 5 हजार रुपये की मांग करता था।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, विजयनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 313 मूल अंकसूचियां बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इंदौर के ऑर्बिट मॉल में संचालित अपनी कंसल्टेंसी के माध्यम से बाहर से पढ़ाई करने आए विद्यार्थियों को पार्ट-टाइम और फुल-टाइम नौकरी दिलाने का प्रलोभन देता था।
आरोपी विद्यार्थियों से नौकरी की प्रक्रिया के नाम पर उनकी मूल अंकसूचियां जमा करा लेता था। बाद में दस्तावेज लौटाने के लिए प्रति विद्यार्थी 5 हजार रुपये की मांग करता था। शिकायत के अनुसार, रुपये नहीं देने पर विद्यार्थियों को प्रताड़ित किया जाता था और जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।
कई विद्यार्थियों की शिकायत के बाद पुलिस कमिश्नरेट इंदौर ने मामले की जांच कराई। आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अजफा इंटरप्राइजेज के नाम से रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य करता था और सुरक्षा के नाम पर विद्यार्थियों की मूल अंकसूचियां अपने पास रखकर उनसे अवैध वसूली करता था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।










