मुंबई, 22 जुलाई।
कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक' आगामी 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। गैंगस्टर एक्शन ड्रामा पर आधारित इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्साह बना हुआ है। फिल्म का टीजर और दो गाने पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस ने किया है। निर्माता वेंकट के. नारायण ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 'टॉक्सिक' बड़े स्तर पर तैयार की गई एक महत्वाकांक्षी फिल्म है, जिसकी कहानी और प्रस्तुति दर्शकों को अलग अनुभव देगी।
उन्होंने कहा कि फिल्म का वास्तविक प्रभाव बड़े पर्दे पर ही महसूस किया जा सकेगा। निर्माता के अनुसार, 'टॉक्सिक' को विशेष रूप से वयस्क दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इसकी कहानी उसी वर्ग के अनुरूप प्रस्तुत की गई है।
फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई देंगी। वहीं अक्षय ओबेरॉय, सुदेव नायर और अमित तिवारी भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे।
निर्माताओं को उम्मीद है कि फिल्म अपनी भव्य प्रस्तुति, एक्शन और कहानी के दम पर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी। 'टॉक्सिक' 26 अगस्त को वैश्विक स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।










