दमोह, 22 जुलाई।
दमोह जिले के नरसिंहगढ़ डकैती कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। चौकी नरसिंहगढ़ क्षेत्र के ग्राम सूखी पिपरिया में 4 जुलाई को हुई डकैती के मामले में पुलिस ने दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि मामले में पहले दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद फरार बदमाशों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में लगातार दबिश दी, जिसके बाद दोनों आरोपियों को कटनी मुड़वारा से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रानू पटेल और दीपक उर्फ दीपु बंसल के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से करीब 18 ग्राम की दो सोने की चेन, लगभग 42 ग्राम की सोने की करधनी तथा 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद संपत्ति की कीमत करीब 8.20 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी इस मामले में सोने-चांदी के आभूषण, एक मोटरसाइकिल सहित लगभग 8.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की जा चुकी थी। इस प्रकार अब तक कुल 16.70 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।
पुलिस ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं। रानू पटेल के खिलाफ पूर्व से आठ और दीपक उर्फ दीपु बंसल के खिलाफ 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
विवेचना के दौरान रोहित अहिरवार और उसके साथी मोनू की संलिप्तता भी सामने आई है। दोनों आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।










