प्रयागराज, 22 जुलाई।
प्रयागराज में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत झूंसी थाना पुलिस और नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एनटीएफ) की संयुक्त टीम ने एक युवक को 297 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 59.40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान झूंसी थाना क्षेत्र के सोनौटी गांव निवासी राजा यादव के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से 297 ग्राम स्मैक, स्मैक की बिक्री से प्राप्त बताए गए 860 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर झूंसी थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थरवई थाना में एक आपराधिक मामला दर्ज है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में नारकोटिक्स टास्क फोर्स और झूंसी थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।










