सागर, 22 जुलाई।
सागर जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को न्यूनतम स्तर पर लाने और शून्य मृत्यु के लक्ष्य की दिशा में जिला प्रशासन ने मैदानी स्वास्थ्य अमले के लिए विशेष प्रशिक्षण अभियान शुरू किया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन में सभी विकासखंडों में एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) का उन्मुखीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जैसीनगर विकासखंड में एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं समीक्षा सत्र आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था, नियमित निगरानी और प्रभावी फॉलो-अप के जरिए मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने मैदानी स्तर पर सभी स्वास्थ्य कर्मियों से समन्वित और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कलेक्टर ने अनमोल-2.0 एप और यू-विन पोर्टल पर शत-प्रतिशत एवं त्रुटिरहित डेटा प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़े प्रभावी स्वास्थ्य प्रबंधन की आधारशिला हैं और तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण में पात्र दंपत्तियों के शत-प्रतिशत पंजीयन, समय पर प्रसव पूर्व जांच और जन्म के बाद नवजातों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान कर उनकी नियमित निगरानी की जाए। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल या बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में समय रहते रेफर करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
इसके अलावा एसएनसीयू से डिस्चार्ज होने वाले नवजात शिशुओं का 56 दिन तक नियमित फॉलो-अप सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को प्रसवोत्तर देखभाल एवं नवजात स्वास्थ्य संबंधी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व में सामने आए मामलों की केस स्टडी के माध्यम से स्वास्थ्य कर्मियों को संभावित त्रुटियों से बचने और कार्य प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उपाय भी बताए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक के.वी., एसडीएम रोहित वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।










