मथुरा, 22 जुलाई।
भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ गुरु पूर्णिमा से पहले बुधवार को संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन और पूजन के लिए मथुरा पहुंचे। यमुना पार स्थित यमुना कुंज आश्रम में एकांतवास कर रहे संत प्रेमानंद महाराज से दोनों ने मुलाकात कर पूजा-अर्चना की।
29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा का पर्व मनाया जाएगा। इससे पहले वृंदावन में गुरु पूर्णिमा उत्सव की शुरुआत हो चुकी है। इसी क्रम में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अपने गुरु का आशीर्वाद लेने मथुरा पहुंचे। इस दौरान दोनों का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विराट कोहली ब्राउन शर्ट और व्हाइट पैंट, जबकि अनुष्का शर्मा व्हाइट और ब्लू रंग के सूट में नजर आ रही हैं।
गौरतलब है कि विराट कोहली पिछले कुछ वर्षों से समय-समय पर संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए वृंदावन आते रहे हैं। टी-20 विश्व कप जीतने, आईपीएल खिताब हासिल करने और कई अहम क्रिकेट सीरीज से पहले या बाद में भी वह यहां आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। माना जाता है कि विराट और अनुष्का आध्यात्मिक जीवन को विशेष महत्व देते हैं और अपने गुरु से मार्गदर्शन प्राप्त करते रहते हैं। दोनों की धार्मिक आस्था और सादगी अक्सर प्रशंसकों के बीच चर्चा में रहती है।











