बरेली, 22 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की एक छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि होटल में एक परिचित युवक के साथ जाने के दौरान बने फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद छात्रा मानसिक तनाव में थी। पुलिस आत्महत्या के कारणों के साथ-साथ वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे प्रसारित करने वालों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
मंगलवार रात छात्रा ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर बिथरी चैनपुर थाना प्रभारी राजेश बाबू पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बंद कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा गया और पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच का प्रमुख बिंदु यह है कि छात्रा के फोटो और वीडियो किसने रिकॉर्ड किए, उन्हें सोशल मीडिया पर किसने साझा किया और क्या उनके प्रसार का छात्रा के मानसिक तनाव से कोई संबंध था। इसके लिए पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
थाना प्रभारी राजेश बाबू ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद उसके आधार पर प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच जारी है।










