रायगढ़, 22 जुलाई।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खरसिया पुलिस ने सड़क दुर्घटना के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराधिक मानव वध के प्रयास समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। जांच में सामने आया कि दुर्घटना के समय चालक शराब के नशे में था।
पुलिस के अनुसार टीआईटी कॉलोनी, खरसिया निवासी योगेश गर्ग की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि 6 जुलाई 2026 की शाम उनके बड़े पिता कैलाश गर्ग (73) मोटरसाइकिल से मंगल बाजार से राठौर चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन मोटरसाइकिल को करीब 200 से 250 फीट तक घसीटता रहा, जिससे कैलाश गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका अस्पताल में उपचार जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक भीष्म कुमार यादव (34), निवासी ग्राम उपनी, जिला सक्ती को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। दुर्घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया गया।
विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 सहित प्रासंगिक धाराएं जोड़ीं। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में चौकी खरसिया की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित की गिरफ्तारी सुनिश्चित की। मामले की जांच जारी है।










