अररिया, 22 जुलाई।
बिहार के अररिया जिले के दो युवकों को नेपाल में ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया है। नेपाल की नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने दोनों आरोपितों को मोरंग जिले के रंगेली क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान पकड़ा। बरामद मादक पदार्थ के बाद दोनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया।
नेपाल नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के डीएसपी जीवन निरौला ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि बस पार्क क्षेत्र में ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार किया जा रहा है। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान भारतीय नंबर की दो मोटरसाइकिलों पर सवार अररिया जिले के बौकाहा मझरा निवासी मो. मुन्ना (28) और मो. मुकुल (25) की तलाशी ली गई। इस दौरान उनके पास से एक प्लास्टिक पैकेट में रखी 104 ग्राम 240 मिलीग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपितों को आगे की कार्रवाई के लिए इलाका पुलिस कार्यालय रानी के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में नेपाल पुलिस आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।










