प्रयागराज, 22 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में चार दिन से लापता 12वीं कक्षा की छात्रा का शव बुधवार को यमुना नदी से बरामद किया गया। छात्रा घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी और उसके बाद से लापता थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि करछना थाना क्षेत्र के सुलमई गांव निवासी मानसी निषाद (17) का शव नए यमुना ब्रिज के पास नदी में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। पास से मिली डायरी और आधार कार्ड के आधार पर छात्रा की पहचान की गई, जिसके बाद परिजनों को सूचना देकर पहचान की पुष्टि कराई गई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि छात्रा चार दिन पहले घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। उसने रास्ते में अपनी बहन के घर झूंसी जाने की बात कही थी, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची। इसके बाद परिवार उसकी लगातार तलाश कर रहा था।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया छात्रा की मौत डूबने से हुई प्रतीत होती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।










