शिमला, 22 जुलाई।
हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो लोगों को 9 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 12 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 21 जुलाई को ढली थाना पुलिस और स्पेशल सेल शिमला की संयुक्त टीम गश्त और सुरागबुरारी पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति फागू की ओर से शिमला आ रहे हैं और उनके पास चिट्टा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई।
पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोककर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। जांच के दौरान आरोपितों के पास से 9 ग्राम चिट्टा और 12 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कुलदीप (39), निवासी कोटी और मनोज (33), निवासी ढली, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ ढली थाना में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार आरोपितों को अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की जांच जारी है।










