दतिया, 22 जुलाई।
दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर गठित फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (एफएसटी) ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए एक स्कूली वाहन से 3.30 लाख रुपये नकद जब्त किए। राशि से संबंधित संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर निर्वाचन प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई है।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में गायत्री गार्डन पुलिस चेकिंग पॉइंट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान स्कूली वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
जांच के दौरान वाहन चालक राजू रजक के पास से 3 लाख 30 हजार रुपये नकद मिले। पूछताछ में चालक उक्त राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रावधानों के तहत पूरी नकद राशि जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा उपनिर्वाचन के दौरान अवैध नकदी, शराब और मतदाताओं को प्रभावित करने वाली अन्य सामग्री के परिवहन पर निगरानी रखने के लिए जिलेभर में जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।










