सागर, 22 जुलाई।
सागर जिले के कर्रापुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-12 (गोरा) में बुधवार तड़के एक जर्जर कच्चे मकान का छप्पर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय कमरे में सो रही 21 वर्षीय युवती मलबे में दब गई। परिजनों ने तत्काल राहत कार्य कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, लाखन सिंह ठाकुर का परिवार मंगलवार रात अपने कच्चे मकान में सो रहा था। तड़के अचानक मकान की छत और छप्पर गिर गया, जिससे कमरे में सो रही उनकी बेटी मलबे के नीचे दब गई। युवती की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत मलबा हटाने का काम शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के लिए उसे निकट के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों का कहना है कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने के लिए कई बार नगर परिषद में आवेदन किया, लेकिन अब तक उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाया। उनका आरोप है कि इसी कारण परिवार जर्जर मकान में रहने को मजबूर था।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के कई घंटे बाद तक नगर परिषद या स्थानीय प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने जर्जर मकानों में रह रहे परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पात्र हितग्राहियों को शीघ्र आवास योजना का लाभ देने की मांग की है।










