दतिया, 22 जुलाई।
आगामी विधानसभा उपचुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को दतिया में केंद्रीय सुरक्षा बल और पुलिस ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला। मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का संदेश देते हुए निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनजीत सिंह चावला के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च में एसडीओपी आकांक्षा जैन, दतिया पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे। मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उपचुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या शांति भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मतदाताओं से बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च शुरू होने से पहले अधिकारियों ने पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों को चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों को लेकर आवश्यक ब्रीफिंग दी। इस दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।










