विदिशा, 22 जुलाई।
मध्य प्रदेश के जनगणना निदेशक एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजीव श्रीवास्तव ने बुधवार को विदिशा प्रवास के दौरान कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अंशुल गुप्ता से सौजन्य भेंट की। इस दौरान जिले में जनगणना की तैयारियों और अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी अनिल कुमार डामोर भी मौजूद रहे। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने जनगणना की तैयारियों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी जनगणना निदेशक को दी।
बैठक के दौरान जनगणना कार्य को समयबद्ध, त्रुटिरहित और प्रभावी ढंग से पूरा कराने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई। जनगणना निदेशक संजीव श्रीवास्तव ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने जनगणना से जुड़े प्रशासनिक पहलुओं, कार्ययोजना और आगामी चरणों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया। बैठक में शासन के निर्देशों के अनुरूप जनगणना कार्य को पूरी पारदर्शिता, गंभीरता और दक्षता के साथ संपन्न कराने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।










