महोबा, 22 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में हनुमान मंदिर के पुजारी हत्याकांड का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपित ने पड़ोसी को फंसाने की साजिश रचते हुए उसके नाम की डायरी तैयार की और पुजारी की हत्या के बाद उसे शव के पास छोड़कर फरार हो गया। एसपी शशांक सिंह ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
एसपी ने बताया कि 18 जुलाई को कुलपहाड़ थाना क्षेत्र के बेलाताल कस्बे स्थित फूलबाग हनुमान मंदिर के पुजारी उदित नारायण मिश्र की हत्या की सूचना मिली थी। घटना के बाद अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह और सीओ अनुरुद्ध कुमार ने पुलिस एवं फोरेंसिक टीम के साथ मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मामले के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान घटनास्थल से मिली एक छोटी डायरी और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर खदियापुरा निवासी कल्लू जोगी की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। इसके बाद पुलिस ने उसे खेत पर बने उसके मकान से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा और अन्य सामान भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार कल्लू जोगी ने पूछताछ में बताया कि वर्ष 2013 में पत्नी की हत्या के मामले में उसके खिलाफ मुंशी ने गवाही दी थी, जिसके कारण उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी। इसी रंजिश में उसने मुंशी को फंसाने की योजना बनाई और उसके नाम की डायरी तैयार कर हत्या के बाद शव के नीचे रख दी, ताकि जांच का रुख उसकी ओर मुड़ जाए।
एसपी ने बताया कि गहन जांच के बाद पुलिस ने मामले का सफल खुलासा किया है। इस उपलब्धि पर खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।










