कोलकाता, 22 जुलाई।
कोलकाता पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ थाईलैंड की दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को मंगलवार देर रात भवानीपुर क्षेत्र से पकड़ा गया। उनके कब्जे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों आरोपित भारत कब आईं, बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। शुरुआती पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उनका किसी अंतरराष्ट्रीय मादक तस्करी गिरोह से संबंध है या नहीं और क्या वे इस खेप को किसी स्थान पर पहुंचाने वाली थीं।
एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि भवानीपुर के एक पते पर दो युवतियां भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों थाईलैंड की नागरिक हैं और कुछ दिन पहले ही कोलकाता पहुंची थीं। उनके पास मिले पासपोर्ट, वीजा और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थ उनके पास कैसे पहुंचा और वे केवल वाहक थीं या किसी बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हैं।
इधर, उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर में सीआईडी और स्थानीय पुलिस ने एक अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। हाबड़ा-नैहाटी रोड के पास एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जिसके बैग से बड़ी संख्या में मैगजीन, पिस्तौल और 200 राउंड ताजा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला की पहचान पूजा विश्वास के रूप में हुई है। आरोप है कि वह बिहार से अवैध हथियार और कारतूस कम कीमत पर खरीदकर पश्चिम बंगाल में ऊंचे दामों पर बेचती थी। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि पुलिस की नजर से बचने के लिए गिरोह में मुख्य रूप से महिलाओं का इस्तेमाल किया जाता था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।










