डूंगरपुर, 22 जुलाई।
राजस्थान के डूंगरपुर जिले की चौरासी थाना पुलिस ने हत्या के मामले में चार वर्षों से फरार चल रहे वांछित आरोपित बाबूलाल गरासिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गलन्दर के जंगल में करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उसे दबोच लिया। पुलिस के अनुसार वारदात के कुछ समय बाद ही आरोपित मजदूरी के बहाने कुवैत चला गया था और हाल ही में वापस लौटा था।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौरासी थानाधिकारी रतनलाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि चार साल से फरार बाबूलाल गरासिया कुवैत से लौटकर अपने गांव गलन्दर आया है और दोबारा विदेश जाने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उसके ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपित जंगल की ओर भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा कर उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।
थाने लाकर पूछताछ के बाद आरोपित को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामला 7 सितंबर 2023 का है। शिकायत में बताया गया था कि सोनल कटारा महेंद्र के साथ मोटरसाइकिल से जा रही थी, तभी नितेश, अनिल और बाबूलाल गरासिया ने रास्ता रोककर हमला कर दिया। आरोपितों ने महेंद्र के सिर पर लट्ठ से वार किया और सोनल के साथ भी मारपीट की, जिससे महेंद्र की मौत हो गई थी।
इस मामले में पहले ही नितेश कटारा, अनिल कटारा और विधि से संघर्षरत एक बालक के विरुद्ध कार्रवाई कर न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है।










