कोरबा, 22 जुलाई।
कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के लानलेपरा गांव में मंगलवार रात पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भोजन के दौरान हुई कहासुनी में बड़े भाई ने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित अपनी पत्नी के साथ फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक लानलेपरा निवासी मथुरा धनवार मंगलवार रात भोजन के बाद रसोई के पास बने कमरे में बैठा था। उसी समय उसका बड़ा भाई कैलाश धनवार भोजन कर रहा था। इसी दौरान किसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में उग्र हो गया।
परिजनों ने दोनों भाइयों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। गुस्से में कैलाश ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर मथुरा पर लगातार वार कर दिए। हमले में उसके हाथ और कंधे पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
वारदात के बाद आरोपित अपनी पत्नी के साथ मौके से भाग निकला। परिजन और ग्रामीण घायल मथुरा को उपचार के लिए पोड़ी-उपरोड़ा के शासकीय अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर बांगो पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। पुलिस ने कैलाश धनवार के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फरार आरोपित और उसकी पत्नी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस मामले की जांच के साथ फरार आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।










