धर्मशाला, 22 जुलाई।
नशे के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने कंडवाल पुलिस बैरियर के पास जांच के दौरान एचआरटीसी बस में सवार एक युवक को 10.16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत नूरपुर थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि सीआईए टीम गश्त और यातायात जांच पर तैनात थी। दोपहर करीब 1:50 बजे पठानकोट की ओर से आ रही एचआरटीसी बस को जांच के लिए रोका गया। इस दौरान बस में बैठा एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और नीचे उतरने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से एक पारदर्शी प्लास्टिक का लिफाफा मिला। जांच करने पर उसमें 10.16 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ को मौके पर ही सील कर कब्जे में ले लिया। इसके अलावा आरोपी के पास से पठानकोट से शाहपुर की बस टिकट और एक लावा स्मार्टफोन भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान कर्तव्य पठानिया (19) निवासी गांव ठम्बां, डाकघर दुरगेला, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी हेरोइन कहां से लाया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।










