नई दिल्ली, 24 जुलाई।
राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए डीएमआरसी ने शुक्रवार को 17 मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद रखने की घोषणा की है। डीएमआरसी के अनुसार 24 जुलाई सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक इन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास की अनुमति नहीं होगी।
हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी। यात्री यहां केवल ट्रेन बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन के भीतर प्रवेश करने या बाहर निकलने की अनुमति नहीं मिलेगी।
डीएमआरसी द्वारा सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी सूचना के अनुसार लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे।
यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले सोशल मीडिया पर जारी नवीनतम अपडेट जरूर देखें और आवश्यकता होने पर वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। मेट्रो सेवाओं से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए डीएमआरसी के आधिकारिक माध्यमों पर नजर बनाए रखने की भी सलाह दी गई है।
डीएमआरसी के अनुसार जंतर-मंतर पर प्रस्तावित सीजेपी प्रदर्शन को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। प्रदर्शन के चलते दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। इसी कारण 17 मेट्रो स्टेशन अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।















