नई दिल्ली, 25 जुलाई।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने संसदीय जीवन में चटर्जी के योगदान को स्मरण किया।
ओम बिरला ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि संसदीय परंपराओं के संरक्षण, स्वस्थ लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत करने और सदन की गरिमा बनाए रखने के प्रति सोमनाथ चटर्जी की प्रतिबद्धता सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।
माकपा के वरिष्ठ नेता सोमनाथ चटर्जी का जन्म 25 जुलाई 1929 को असम के तेजपुर में हुआ था। पेशे से वकील रहे चटर्जी ने वर्ष 1968 में सक्रिय राजनीति की शुरुआत की और 1971 में पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। इसके बाद उन्होंने लगातार दस बार सांसद के रूप में प्रतिनिधित्व किया।
चार जून 2004 को वे सर्वसम्मति से 14वीं लोकसभा के अध्यक्ष चुने गए और 31 मई 2009 तक इस पद की जिम्मेदारी निभाई। संसदीय कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें वर्ष 1996 में उत्कृष्ट सांसद पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
लोकसभा अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संसदीय व्यवस्था को अधिक आधुनिक और लोकतांत्रिक बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल कीं।
इन्हीं प्रयासों के तहत जुलाई 2006 में लोकसभा टेलीविजन की शुरुआत हुई, जो 24 घंटे प्रसारण करने वाला संसदीय चैनल बना। इसके बाद अगस्त 2006 में उच्च तकनीक से सुसज्जित संसदीय संग्रहालय का भी उद्घाटन किया गया।














