नई दिल्ली, 25 जुलाई।
केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने केंद्र सरकार को एक विशेष पत्र लिखा है। उन्होंने संत गजानन महाराज के 150वें प्राकट्य दिवस पर स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करने की मांग उठाई है।
वित्त मंत्री, संचार मंत्री और संस्कृति मंत्री को लिखे गए इस पत्र में उन्होंने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आग्रह किया है। उनका मानना है कि इससे महाराज की आध्यात्मिक विरासत का सम्मान होगा।
महाराष्ट्र के बुलढाणा स्थित शेगांव में संत गजानन महाराज का प्राकट्य हुआ था। तब से यह पावन स्थल देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख तीर्थस्थल बन चुका है।
श्री गजानन विजय ग्रंथ में उनके जीवन का वर्णन है। साथ ही, शेगांव संस्थान द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य किए जा रहे हैं।














