प्रयागराज, 25 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में पुलिस ने गौ हत्या की सूचना पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नैनी स्थित काशीराम कॉलोनी में भोर के वक्त संयुक्त अभियान चलाकर ग्यारह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों की ओर से लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस अधिकारियों और भारी बल के साथ मौके पर दबिश दी गई।
तलाशी के दौरान खंडहरनुमा कमरे से एक मवेशी का अधकटा शव बरामद हुआ। इस दौरान आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और फायरिंग भी की, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें धर दबोचा।
कार्रवाई के दौरान धारदार हथियार और अवैध असलहे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार एक आरोपी घायल हुआ है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई जारी है।















