सोनभद्र, 25 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के अनुसार, भोर में पुलिस टीम शीशटोला जंगल में चेकिंग अभियान चला रही थी। उसी समय बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।
आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका साथी मौके से भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे भी पकड़ लिया। आरोपितों के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा नगदी बरामद की गई। दोनों की पहचान मध्य प्रदेश के सिंगरौली निवासी रमेश साकेत और मनोज साकेत के रूप में हुई है। घायल रमेश साकेत का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपितों ने 18 जुलाई को शीशटोला जंगल में ग्राम चपकी निवासी कुलधीर कुमार पर चाकू से हमला कर सोने-चांदी के आभूषण और 40 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया था। घटना के बाद से उनकी तलाश की जा रही थी। अब दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मनोज साकेत पर पहले से 13 और रमेश साकेत पर एक आपराधिक मामला दर्ज है। आरोपितों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।















