अनूपपुर, 25 जुलाई।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की फुनगा पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत पयारी क्रमांक-1 में शनिवार को चरित्र संदेह के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया।
फुनगा पुलिस चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते के अनुसार, मृतका मुनिया बाई घर में भोजन बना रही थी। इसी दौरान उसका पति मायाराम चौधरी कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा और चरित्र शंका को लेकर विवाद करने लगा। कहासुनी बढ़ने पर उसने पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने और अधिक रक्तस्राव होने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि मायाराम चौधरी की दो पत्नियां थीं। वह दूसरी पत्नी के साथ घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर पयारी गांव में रहता था। पहली पत्नी से उसके दो बेटे हैं। पुलिस के अनुसार, पहली पत्नी पर चरित्र संदेह इस घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। सूचना मिलते ही फुनगा पुलिस चौकी प्रभारी, कोतमा एसडीओपी और जांच अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
एसडीओपी आरती शाक्य ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपित मायाराम चौधरी को हिरासत में ले लिया है। मृतका के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।















