शिमला, 25 जुलाई।
शिमला पुलिस के नशा विरोधी विशेष अभियान के तहत स्पेशल सेल को एक और सफलता मिली है। गश्त और चेकिंग के दौरान एचआरटीसी बस में सवार एक युवक के पास से 12 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। मामले में पुलिस थाना बालुगंज में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को शोघी पुलिस चौकी के समीप स्पेशल सेल की टीम एचआरटीसी बसों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसकी तलाशी ली गई। जांच में उसके बैग में रखी माचिस की डिब्बी से 12 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान शिमला जिले के ननखड़ी निवासी 32 वर्षीय अमित ठाकुर के रूप में हुई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर बालुगंज थाने में उसके विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं।
शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।















