राजगढ़, 25 जुलाई।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक बड़ा दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डैम में जा समाई, जिससे वाहन में सवार चार लोगों की जान चली गई।
इस भीषण दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा खुजनेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भीलखेड़ी जोड़ के पास हुआ जहां कार शुजालपुर की तरफ जा रही थी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ पुलिस और प्रशासन की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। क्रेन की सहायता से पानी में डूबी गाड़ी को बाहर निकाला गया और सभी को अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि बंद शीशों और लॉक हुए दरवाजों के कारण लोग बाहर नहीं निकल सके। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।













