नई दिल्ली, 25 जुलाई।
कई दिनों से जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को अपना विरोध प्रदर्शन वापस लेने की घोषणा कर दी। केंद्र सरकार के साथ तीसरे दौर की वार्ता के बाद पार्टी ने कहा कि उसकी सभी प्रमुख मांगें स्वीकार कर ली गई हैं, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
केंद्रीय मंत्रियों जितेंद्र सिंह और जे.पी. नड्डा के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि सरकार के साथ तीन चरणों में बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि आंदोलन की तीन प्रमुख मांगें थीं, जिनमें तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, प्रदर्शनकारियों और आयोजकों के खिलाफ दर्ज सभी मामलों को वापस लेना तथा भविष्य में ऐसे मामलों में कोई नई कार्रवाई नहीं करना, और नीट परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण जान गंवाने वाले लोगों के स्वजन को एक करोड़ रुपये का मुआवजा शामिल था।
आशुतोष रांका ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के साथ उनकी पहली मांग पूरी हो गई है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने अन्य मांगों को भी स्वीकार कर लिया है। इसके बाद उन्होंने सभी प्रदर्शनकारियों से तत्काल धरना समाप्त कर शांतिपूर्वक अपने-अपने घर लौटने की अपील की।















