इंदौर, 25 जुलाई।
मध्य प्रदेश के इंदौर में नशामुक्त समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को महिलाओं की भव्य वॉकाथॉन आयोजित की गई। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में तीन हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित वॉकाथॉन की शुरुआत नेहरू स्टेडियम से हुई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। यह वॉकाथॉन जीपीओ चौराहा, शिवाजी वाटिका और गीता भवन मार्ग से होकर दोबारा नेहरू स्टेडियम पहुंची। कार्यक्रम की शुरुआत जुम्बा सेशन के साथ हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
वॉकाथॉन में स्कूली छात्राएं, खिलाड़ी, सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं की प्रतिनिधियां तथा पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज की प्रशिक्षु महिला आरक्षक शामिल हुईं। किशोरियों से लेकर बुजुर्ग महिलाओं तक की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां लेकर 'नशे से दूरी है जरूरी', 'स्वस्थ जीवन-नशामुक्त जीवन' और 'नारी का संकल्प-नशामुक्त हो हर परिवार' जैसे नारों के साथ लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। शहर के प्रमुख मार्गों से निकली इस रैली ने नशे के खिलाफ सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने महिलाओं से इस सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया और सभी प्रतिभागियों को स्वयं नशामुक्त रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।















