भोपाल, 25 जुलाई।
भोपाल संभाग के संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने शनिवार को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी 41 नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत निर्माणाधीन आवासों का कार्य 15 अगस्त तक पूरा किया जाए। उन्होंने विभिन्न शहरी विकास योजनाओं की समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को ब्याज सब्सिडी योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र में अफोर्डेबल रेंटल हाउसिंग का मॉडल प्रोजेक्ट तैयार करने को भी कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि शहरी क्षेत्र में निर्धारित पात्रता के अनुसार घर खरीदने पर ऋण पर सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है।
संभागायुक्त ने अमृत 2.0 के तहत हर घर तक पेयजल पहुंचाने, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, ग्रीन स्पेस और जलाशयों के संरक्षण व जीर्णोद्धार से जुड़े कार्य तय समय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शहरी क्षेत्र में पेयजल योजना का लाभ अधूरा नहीं रहना चाहिए।
बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए नगरीय निकायों और बैंकों के बीच नियमित समन्वय बनाकर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने पर जोर दिया गया। सितंबर तक 70 प्रतिशत और दिसंबर तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।
संभागायुक्त ने 15 अगस्त से पहले सभी सफाई कर्मियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जोड़ने, अमृत हरित अभियान के तहत लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण सुनिश्चित करने तथा जानकारी मेरी लाइफ पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा आवारा श्वानों के लिए एबीसी सेंटर संचालित करने, राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों से आवारा पशुओं को हटाने तथा सीएम हेल्पलाइन की 100 दिन से अधिक लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।














