सागर, 25 जुलाई।
मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र में शनिवार को धान की रोपाई के लिए खेत तैयार करते समय एक ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता से करीब एक घंटे के रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, देवरी के खंडेराव वार्ड निवासी देवेंद्र बैरागी ग्राम रामगढ़ में एक खेत में धान की रोपाई से पहले पडलिंग का कार्य कर रहे थे। लगातार बारिश के कारण खेत में पानी भर गया था और जमीन दलदली हो गई थी। इसी दौरान ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने से वह पलट गया और चालक उसके नीचे दब गया।
घटना के बाद खेत में मौजूद लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। सूचना मिलते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सभी ने मिलकर ट्रैक्टर को उठाने का प्रयास किया और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि समय पर सभी लोगों के पहुंचने और सामूहिक प्रयास के कारण बड़ा हादसा टल गया। राहत कार्य में मिली सफलता से चालक की जान बच गई और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।















