दमिश्क, 25 जुलाई।
सीरिया में राजधानी दमिश्क को पूर्वी प्रांत दीर अल-ज़ौर से जोड़ने वाले राजमार्ग पर शनिवार को दो बसों की आमने-सामने टक्कर में कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 30 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, रेगिस्तानी राजमार्ग पर एक नागरिक यात्री बस और गृह मंत्रालय की बस की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के बाद कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
राहत एवं बचाव कार्य में सेना के हेलीकॉप्टर भी लगाए गए हैं। बचाव दल घायलों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और राहत कार्य में जुटा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसा किस वजह से हुआ। जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा।















