बहराइच, 25 जुलाई।
भारत-नेपाल सीमा पर अवैध घुसपैठ के मामले में उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की रूपईडीहा पुलिस ने शनिवार को 'वारिस पंजाब दे' संगठन के एक सक्रिय सदस्य जोगा सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि उसने संगठन के अन्य सदस्यों और स्थानीय सहयोगियों के साथ मिलकर एक अमेरिकी नागरिक को बिना वैध वीजा भारत में प्रवेश दिलाने की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को रूपईडीहा चेक पोस्ट पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में संगठन के सदस्य विक्रमजीत सिंह, अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह ढिल्लों तथा सीमा पार कराने में सहयोग करने वाले तीन स्थानीय लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान जोगा सिंह की भूमिका सामने आने के बाद उसकी तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे रूपईडीहा के सीमांत इंटर कॉलेज मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी के पास से 31 हजार रुपये नकद, पांच आधार कार्ड, तीन ड्राइविंग लाइसेंस, दो पैन कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी है। बरामद दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जोगा सिंह के खिलाफ वर्ष 2023 के अजनाला थाना कांड के बाद फरार संगठन प्रमुख अमृतपाल सिंह को शरण देने के आरोप में पंजाब के होशियारपुर जिले में पहले से मामला दर्ज है। जांच में यह भी सामने आया है कि उसने करीब एक वर्ष पहले संगठन के एक सदस्य को नेपाल भेजने में मदद की थी। हालिया मामले में फर्जी दस्तावेजों के जरिए अमेरिकी नागरिक को भारत में प्रवेश दिलाने की कथित योजना बनाई गई थी।
रूपईडीहा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इससे पहले गिरफ्तार अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह ढिल्लों, विक्रमजीत सिंह और तीन अन्य आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।















