नई दिल्ली, 25 जुलाई।
देश में मुसलमानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए आयोजित बैठक के बाद प्रतिनिधियों ने 51 सदस्यीय समिति गठित करने की घोषणा की है। बैठक में तय किया गया कि समिति विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श करेगी और तीन महीने बाद दोबारा बैठक कर उसकी प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसकी जानकारी शनिवार को इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।
बैठक का आयोजन इंडियन मुस्लिम्स फॉर सिविल राइट्स (आईएमसीआर) की पहल पर किया गया था। प्रेस वार्ता में जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, पूर्व सांसद मोहम्मद अदीब, मौलाना कल्बे जवाद, सरवर चिश्ती, मोहम्मद अली शब्बीर, अली अशरफ फातमी, मलिक मोतसिम खान सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्रों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता के दौरान वक्ताओं ने देश में मुसलमानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, शिक्षा संस्थानों, लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान से जुड़े विषयों पर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से संवाद और व्यापक स्तर पर विचार-विमर्श की आवश्यकता है। साथ ही समाज के सभी वर्गों के बीच सहयोग और संवाद बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि नवगठित समिति विभिन्न विषयों पर सुझाव तैयार करेगी और उन्हें आगे संबंधित स्तरों तक पहुंचाने का प्रयास करेगी। उन्होंने बताया कि तीन महीने बाद होने वाली अगली बैठक में समिति के कार्यों और आगे की रणनीति की समीक्षा की जाएगी।















