काठमांडू, 25 जुलाई।
नेपाल सरकार ने एक रुपये के नए सिक्के का डिजाइन तैयार किया है, जिसमें देश का नया राजनीतिक नक्शा शामिल किया गया है। वित्त मंत्रालय के अनुसार, प्रस्तावित सिक्के पर नेपाल के पूर्ण राजनीतिक मानचित्र के साथ आकाश भैरव की तस्वीर भी अंकित की जाएगी। इस डिजाइन को मंजूरी के लिए जल्द ही मंत्रिमंडल की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा।
मंत्रालय के मुताबिक, सरकार राष्ट्रीय पहचान और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीकों को नए सिक्के में स्थान देना चाहती है। कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के बाद सिक्के की ढलाई और उसे प्रचलन में लाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इससे पहले नेपाली मीडिया में खबरें आई थीं कि प्रस्तावित एक रुपये के सिक्के से विवादित नक्शे को हटाकर उसकी जगह लो ग्याकर मठ की तस्वीर को मंजूरी दी गई है। हालांकि, अब सरकार की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी में नए सिक्के पर राजनीतिक नक्शा शामिल किए जाने की बात कही गई है।
प्रस्तावित नक्शे में लिम्पियाधुरा, लिपुलेख और कालापानी को नेपाल का हिस्सा दर्शाया गया है। इन क्षेत्रों को लेकर भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से सीमा विवाद बना हुआ है। वर्ष 2020 में तत्कालीन केपी शर्मा ओली सरकार ने इसी राजनीतिक नक्शे को जारी किया था, जिसके बाद दोनों देशों के बीच इस मुद्दे पर मतभेद उभरकर सामने आए थे।















