कोलकाता, 25 जुलाई।
पश्चिम बंगाल में नया विधानसभा भवन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। शनिवार को विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रस्ताव पर विधानसभा अध्यक्ष रथींद्रनाथ बोस ने घोषणा की कि न्यू टाउन में 40 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक विधानसभा भवन का निर्माण किया जाएगा। सरकार का कहना है कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इस परियोजना को प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में परिसीमन और महिला आरक्षण लागू होने के बाद विधानसभा की मौजूदा 294 सदस्यीय क्षमता बढ़कर 400 से अधिक हो सकती है। ऐसे में वर्तमान विधानसभा भवन पर्याप्त नहीं रहेगा। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से प्रस्तावित भूमि का सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ निरीक्षण कर निर्माण की प्रारंभिक योजना तैयार करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि नए विधानसभा भवन के निर्माण के लिए वित्तीय संसाधनों की कमी नहीं आने दी जाएगी। साथ ही स्पष्ट किया कि वर्तमान विधानसभा भवन का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व बरकरार रहेगा तथा नए भवन के निर्माण के बाद उसके भविष्य के उपयोग पर अलग से निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कोविड-19 महामारी के दौरान विधानसभा की कार्यवाही का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए विधायकों को दर्शक दीर्घा में भी बैठाना पड़ा था। इससे भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक बड़े और आधुनिक विधानसभा भवन की जरूरत महसूस हुई।
उन्होंने विधानसभा परिसर के आधुनिकीकरण पर भी जोर दिया। इसके तहत विधायक आवास के विकास, सदन में आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मतदान प्रणाली, बेहतर कैंटीन सुविधा और कार्यवाही के दौरान मंत्रियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।















