धारचूला, 25 जुलाई।
कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 का छठा दल शनिवार को सकुशल धारचूला पहुंच गया। जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों का स्वागत किया तथा उनके ठहरने, भोजन, स्वास्थ्य परीक्षण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। प्रशासन के अनुसार यात्रा निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप संचालित हो रही है।
प्रशासन ने बताया कि छठा दल शनिवार दोपहर पिथौरागढ़ पहुंचने के बाद शाम को धारचूला पहुंचा। इस दल में 34 पुरुष और 17 महिला सहित कुल 51 तीर्थयात्री शामिल हैं। यह दल 24 जुलाई को उत्तराखंड में प्रवेश करने के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धारचूला पहुंचा।
धारचूला पहुंचने के बाद सभी यात्रियों की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर स्वास्थ्य संबंधी जांच कराई गई। इसके बाद उन्हें विश्राम की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। प्रशासन के अनुसार सभी यात्री सुरक्षित हैं और यात्रा सुचारु रूप से आगे बढ़ रही है।
अब तक कैलाश मानसरोवर यात्रा के छह दलों के कुल 294 तीर्थयात्री उत्तराखंड पहुंच चुके हैं, जिनमें 196 पुरुष और 98 महिलाएं शामिल हैं। प्रथम और द्वितीय दल यात्रा पूरी कर लौट चुके हैं, जबकि तृतीय दल छियालेख, चतुर्थ दल ताराकिनी चौकी और पंचम दल नाभीढांग में है। छठा दल भी तय कार्यक्रम के अनुसार आगे की यात्रा करेगा।
प्रशासन ने बताया कि पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। विभिन्न विभागों के समन्वय से यात्रा का संचालन किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।















