भोपाल, 25 जुलाई।
चलती ट्रेन में महिला यात्री का बैग झपटकर फरार होने वाले एक शातिर बदमाश को जीआरपी भोपाल ने करीब डेढ़ माह की जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी के तीन मामले दर्ज हैं।
रेल पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने बताया कि 27 मई को यशवंतपुर एक्सप्रेस के एस-4 कोच में सफर कर रहीं आशा नागेश का बैग सीहोर के पास चलती ट्रेन से झपट लिया गया था। घटना के दौरान आरोपी ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। बैग में दो मोबाइल फोन, सोने के दो मंगलसूत्र, चार अंगूठियां, नेकलेस, चेन, कान के टॉप्स और 31 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान रखा था। मामले में जीआरपी ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने पचामा से सीहोर तक करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान संजय प्रजापति उर्फ कमांडो (22) निवासी जिला पन्ना के रूप में हुई। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी बैरागढ़ स्थित किराये का ठिकाना छोड़कर फरार हो गया था।
लगातार तलाश के दौरान पुलिस को आरोपी के भाई के माध्यम से अहम सुराग मिला। इसके बाद जीआरपी की टीम ने मथुरा पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर बैरागढ़ स्थित किराये के मकान और छतरपुर जिले के गौरिहार क्षेत्र में स्थित एक मकान से चोरी गए सभी सोने के आभूषण और दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जीआरपी झांसी में चोरी के तीन मामले पहले से दर्ज हैं। कार्रवाई में जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक जहीर खान, उपनिरीक्षक मिथलेश भारद्वाज तथा साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।















